दोपहर 1 बजे तक असम में 46.31, जम्मू और कश्मीर में 42.88, राजस्थान में 40.39, केरल में 39.26, मध्य प्रदेश में 38.96, कर्नाटक में 38.23, उत्तर प्रदेश में 35.73 और बिहार में 33.8 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट किया है।
- त्रिपुरा 54.47 प्रतिशत
- मणिपुर 54.26 प्रतिशत
- छत्तीसगढ़ 53.09 प्रतिशत
- पश्चिम बंगाल 47.29 प्रतिशत
- असम 46.31 प्रतिशत
- जम्मू और कश्मीर 42.88 प्रतिशत
- राजस्थान 40.39 प्रतिशत
- केरल 39.26 प्रतिशत
- मध्य प्रदेश 38.96 प्रतिशत
- कर्नाटक 38.23 प्रतिशत
- उत्तर प्रदेश 35.73 प्रतिशत
- बिहार 33.80 प्रतिशत
- महाराष्ट्र 31.77 प्रतिशत
इस चुनाव में युवा मतदाता एक बड़ी भूमिका निभाएंगे। दूसरे चरण के चुनाव में 3.62 करोड़ से अधिक नए और युवा मतदाता हैं। चुनाव आयोग के मुताबिक इस चुनाव में 34.8 लाख पहली बार मतदाता अपना वोट डालने के लिए पंजीकृत हैं। इसके अतिरिक्त, 20-29 वर्ष आयु वर्ग के 3.28 करोड़ युवा मतदाता हैं। लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत शुक्रवार को केरल की सभी 20 लोकसभा सीटों पर चुनाव हो रहा है। वहीं, कर्नाटक की 14, राजस्थान की 13, उत्तर प्रदेश की 8, महाराष्ट्र की 8, मध्य प्रदेश की 6, असम की 5, बिहार की 5, छत्तीसगढ़ की 3, पश्चिम बंगाल की 3 और त्रिपुरा, मणिपुर एवं जम्मू कश्मीर की 1-1 सीट पर मतदान हो रहा है।
बुजुर्ग मतदाताओं में भी जबरदस्त जोश देखने को मिला है। कई स्थानों पर 100 वर्ष से अधिक आयु के मतदाता वोट डालने मतदान केंद्र तक पहुंचे। बड़ी संख्या में युवा मतदाता होने के बावजूद बुजुर्गों में भी चुनाव को लेकर पूरा उत्साह देखा जा रहा है। चुनाव आयोग द्वारा बुजुर्ग मतदाताओं को अपने घरों से आराम से मतदान करने का विकल्प प्रदान किया गया है। हालांकि, विभिन्न लोकसभा क्षेत्र में बुजुर्ग मतदाता मतदान केंद्र पर पहुंच कर अपना वोट डालते नजर आए। अलीगढ़ में 110 वर्षीय महिला ने मतदान केंद्र पहुंचकर वोट डाला तो वहीं कोटा में 108 वर्षीय भूरी बाई वोट डालने मतदान केंद्र पर पहुंचीं। दूसरे चरण में 85 वर्ष या उससे अधिक आयु के 14.78 लाख से अधिक पंजीकृत मतदाता हैं। 100 वर्ष से अधिक के 42,226 मतदाता हैं और 14.7 लाख दिव्यांग मतदाता हैं।
इस चरण में चुनाव लड़ने वालों में केरल के वायनाड से राहुल गांधी, तिरुवनंतपुरम से कांग्रेस के शशि थरूर मैदान में हैं। शशि थरूर का मुकाबला केंद्रीय मंत्री और भाजपा के उम्मीदवार राजीव चंद्रशेखर से है। मथुरा से हेमा मालिनी, राजनांदगांव से भूपेश बघेल, बेंगलुरु ग्रामीण से डीके सुरेश और बेंगलुरु दक्षिण से तेजस्वी सूर्या चुनाव लड़ रहे हैं। राजस्थान के कोटा सीट से लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं।
आपको बता दें कि लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत 88 लोकसभा सीटों पर आज मतदान हो रहा है। इसमें केरल की सभी 20 लोकसभा सीट शामिल हैं, वहीं कर्नाटक में 14, राजस्थान में 13, उत्तर प्रदेश में 8, महाराष्ट्र में 8, मध्य प्रदेश में 6, असम में 5, बिहार में 5, छत्तीसगढ़ में 3, पश्चिम बंगाल में 3 और त्रिपुरा, मणिपुर एवं जम्मू कश्मीर में 1-1 सीट पर आज वोट डाले जा रहे हैं।